हत्या के प्रयास, लूट, बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों में आई कमी… SSP रजनेश सिंह ने जारी किए आंकड़े

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने वर्ष 2025 में अपराध नियंत्रण को लेकर बड़ी उपलब्धि का दावा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बुधवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और महिला संबंधी अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। वहीं, सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या में भी गिरावट आई है।
एसएसपी के अनुसार, हत्या के प्रयास के मामलों में 25 प्रतिशत की कमी आई है। वर्ष 2024 में ऐसे 52 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 39 रह गई। लूट की घटनाओं में 42 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। 2024 में लूट के 48 मामले थे, जो 2025 में घटकर 28 हो गए। चोरी के मामलों में 5 प्रतिशत की कमी आई है और इस वर्ष कुल 717 मामले दर्ज हुए। बलात्कार के मामलों में भी 13 प्रतिशत की गिरावट आई है। वर्ष 2024 में जहां 185 मामले थे, वहीं 2025 में 161 प्रकरण दर्ज किए गए। बलवा के मामलों में भी लगभग 5 प्रतिशत की कमी बताई गई है।
लूट और चोरी से जुड़े आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में 17 लाख 76 हजार 420 रुपए की लूट हुई थी, जिसमें से 13 लाख 18 हजार 350 रुपए की संपत्ति जब्त की गई थी। वर्ष 2025 में लूट की राशि 46 लाख 8 हजार 250 रुपए रही, जिसमें से 36 लाख 4 हजार 650 रुपए बरामद की गई है। इसी तरह चोरी में इस साल 2 करोड़ 98 लाख 17 हजार 425 रुपए की संपत्ति चोरी हुई, जिसमें से 1 करोड़ 94 लाख 32 हजार 50 रुपए की बरामदगी की गई है।
एसएसपी ने बताया कि वर्ष 2025 में 4 हजार 275 प्रकरणों में 21 हजार 760 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 46 लाख 75 हजार रुपए है। इसके अलावा 67 अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।
सड़क हादसों को लेकर भी राहत की खबर है। वर्ष 2024 में जहां 359 लोगों की मौत हुई थी और 1,236 लोग घायल हुए थे, वहीं 2025 में मौतों की संख्या घटकर 298 रह गई, हालांकि घायलों की संख्या बढ़कर 1,307 हो गई। इसके साथ ही पुलिस ने 97 नए गुण्डा बदमाश और 22 निगरानी बदमाशों की नई फाइलें खोलकर अपराधियों पर सख्ती और बढ़ाने की बात कही है।





