नक्सली बनकर लूटपाट करने वाला शातिर गिरफ्तार

बलरामपुर(सोमदेव महंत)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2022 में चलगली थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में खुद को नक्सली गिरोह का सदस्य बताकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले कुख्यात आरोपी आगर साय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक भरमार बंदूक भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह मामला तब सामने आया था जब मानपुर गांव निवासी कमलेश गुप्ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 10 बजे छह नकाबपोश हथियारबंद लोग उसके घर में घुसे। खुद को नक्सली बताकर उन्होंने मारपीट की और दो लाख रुपए नगद व सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
हालांकि इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड आगर साय अब तक फरार था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की और लगातार निगरानी करते हुए आरोपी को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जहां वह नाम-पता छुपाकर एक दुकान में काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार आगर साय पर जिले के विभिन्न थानों में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पूरे लूटकांड का खुलासा हो गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। बलरामपुर पुलिस ने इस सफलता को एक बड़ी उपलब्धि बताया है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ एक कड़ा संदेश गया है।