नक्सलवाद के खात्मे को लेकर निर्णायक बैठक शुरू: सीएम और केंद्रीय गृहमंत्री शामिल, तीन चरणों में बनेगी फाइनल रणनीति

रायपुर। नक्सलवाद के खात्मे को लेकर बड़ी बैठक शुरू हो गई है। तय समयसीमा से पहले इसे अंतिम और निर्णायक बैठक माना जा रहा है।
इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री शामिल हुए हैं। बैठक में छत्तीसगढ़ समेत कई नक्सल प्रभावित राज्यों के डीजीपी, एसीएस गृह, सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य केंद्रीय व राज्य स्तरीय सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख भी मौजूद हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक तीन चरणों में आयोजित की जा रही है। पहली बैठक में छत्तीसगढ़ में मौजूदा नक्सल स्थिति, हालिया अभियानों की प्रगति और खुफिया तंत्र की समीक्षा की जा रही है।
इसमें नक्सल प्रभावित इलाकों में चल रहे सर्च ऑपरेशन, मुठभेड़ों, गिरफ्तारियों और आत्मसमर्पण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हो रही है। साथ ही आने वाले दिनों के लिए रणनीति तय की जाएगी, ताकि तय डेडलाइन से पहले नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार किया जा सके।
दूसरी बैठक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास पर केंद्रित होगी। इसमें सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। उद्देश्य यह है कि विकास के जरिए स्थानीय लोगों को मुख्यधारा से जोड़ा जाए और नक्सल संगठनों के प्रभाव को कमजोर किया जा सके।
अंतिम बैठक में एलडब्ल्यूई यानी लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म को पूरी तरह समाप्त करने की रणनीति पर मंथन होगा। इसमें केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और इंटेलिजेंस नेटवर्क को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
कुल मिलाकर, यह बैठक नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है, जिसका असर आने वाले महीनों में जमीनी हालात पर साफ तौर पर देखने को मिल सकता है।





