रायपुर। प्रदेश में ठंड का असर लगातार बना हुआ है और इसका सबसे ज्यादा प्रभाव उत्तर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। सरगुजा संभाग के जिलों में कड़ाके की सर्दी ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है।
सुबह-शाम शीतलहर के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं और बाजारों में भी रौनक कम नजर आ रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अंबिकापुर संभाग में एक-दो स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई है।
प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
यह तापमान सामान्य से करीब 2.7 डिग्री कम है, जिससे ठंड की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में एक-दो पाकेट में शीतलहर चल सकती है।
हालांकि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले चार दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है।
अन्य जिलों की बात करें तो पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, जगदलपुर में 9.6 डिग्री, राजनांदगांव में 10 डिग्री और बिलासपुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने रायपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि आज आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ठंड के इस दौर में लोगों को सतर्क रहने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
