बीजापुर में इंद्रावती नदी में डोंगी पलटी, 4 लोग बहे

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार शाम इंद्रावती नदी में बड़ा हादसा हो गया। उसपरी झिल्ली घाट पर एक डोंगी पलटने से एक ही परिवार के चार लोग नदी के तेज बहाव में बह गए। लापता लोगों में दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। डोंगी में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से दो लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया। हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार सभी पीड़ित इंद्रावती नदी के उस पार स्थित बोड़गा गांव के निवासी हैं। वे बाजार से खरीदारी कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। नदी पार करते समय अचानक डोंगी का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण चार लोग बहते चले गए, जबकि दो लोग किसी तरह किनारे तक पहुंच पाए।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। तहसीलदार सूर्यकांत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तत्काल राजस्व एवं स्वास्थ्य अमले को अलर्ट किया गया और नगर सेना (होमगार्ड) को भी सूचना दी गई। हालांकि अंधेरा हो जाने के कारण बुधवार शाम को रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका।
प्रशासन के अनुसार नगर सेना की टीम गुरुवार सुबह मोटर बोट की सहायता से लापता लोगों की तलाश शुरू करेगी। नदी के आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि इंद्रावती नदी के पार बसे दर्जनों गांवों के लिए बाजार आने-जाने और पीडीएस राशन लाने का डोंगी ही एकमात्र साधन है। इस घाट पर पहले भी डोंगी पलटने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। यह वही उसपरी घाट है, जहां से कुछ समय पहले नक्सली आत्मसमर्पण की घटना भी सामने आई थी।





