ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

डबल इंजन सरकार का बड़ा तोहफा: छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास के लिए 7,470 करोड़, मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विकास के लिए ₹7,470 करोड़ के ऐतिहासिक बजट प्रावधान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों से राज्य में रेलवे क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वर्ष 2009–14 में जहां वार्षिक औसत बजट केवल 311 करोड़ था, वहीं 2026–27 में 7,470 करोड़ का प्रावधान लगभग 24 गुना वृद्धि का रिकॉर्ड है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 51,080 करोड़ के रेल कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें नए ट्रैक निर्माण, स्टेशनों का पुनर्विकास और सुरक्षा उन्नयन जैसे प्रमुख कार्य शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे सुदूर वनांचल क्षेत्र के लिए रावघाट–जगदलपुर रेल परियोजना का प्रारंभ होना जनजातीय समाज के लिए एक अमूल्य उपहार है, जो विकास की नई संभावनाएं खोलेगा। साथ ही परमलकसा–खरसिया कॉरिडोर और नए फ्रेट कॉरिडोर की स्वीकृति से यात्री गाड़ियों की संख्या आने वाले समय में लगभग दोगुनी होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। डोंगरगढ़ (फेज-I), अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई और उरकुरा जैसे स्टेशन पूर्ण हो चुके हैं। वहीं वंदे भारत एक्सप्रेस की 2 जोड़ी और अमृत भारत एक्सप्रेस की 1 जोड़ी सेवाएं यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक सुविधा दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से अब तक लगभग 1,200 किमी नए रेल ट्रैक, 100% विद्युतीकरण, 170 फ्लाईओवर/अंडरपास तथा ‘कवच’ जैसी सुरक्षा प्रणालियों से छत्तीसगढ़ रेल सुविधा के क्षेत्र में अग्रणी बन रहा है।

Related Articles

Back to top button