ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

400 एकड़ सरकारी जमीन निजी नाम पर चढ़ाने की शिकायत: फर्जी किसान पंजीयन से धान बेचने और 60 लाख बोनस लेने का आरोप

सक्ती। जिले के झालरौंदा गांव में करीब 400 एकड़ सरकारी जमीन निजी लोगों के नाम दर्ज कराने का मामला सामने आया है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने कलेक्टर जयश्री जैन से शिकायत कर राजस्व रिकॉर्ड, किसान पंजीयन और धान खरीदी में गड़बड़ी की जांच की मांग की है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर धान बेचकर 60 लाख रुपए से ज्यादा का बोनस भी लिया गया।

पटवारी के कार्यकाल में रिकॉर्ड बदलने का आरोप

शिकायत में तत्कालीन पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं।

आरोप है कि सरकारी जमीन को निजी नाम पर दर्ज कराने के लिए प्रति एकड़ करीब 50 हजार रुपए तक लेन-देन हुआ। इसके बाद फर्जी किसान पंजीयन और धान खरीदी की पर्चियां तैयार कराकर सेवा सहकारी समिति में धान बेचा गया। बैंकों से लोन लेने का आरोप भी लगाया गया है।

एक परिवार के नाम पर 30 एकड़ से ज्यादा जमीन

शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि कुछ परिवारों के कई सदस्यों के नाम पर बड़ी मात्रा में सरकारी जमीन दर्ज है। दीपक चौहान के परिवार के सदस्यों के नाम पर ही 30 एकड़ से ज्यादा जमीन होने की बात कही गई है। दो मीडियाकर्मियों के नाम पर भी जमीन दर्ज होने और एक के नाम पर रकबा बढ़ने का आरोप है।

पांच अन्य गांवों में भी जांच की मांग

रमेश चंद्रा ने बर्रा, बिछिया, आमापाली, हरदी और भोथिया गांवों के रिकॉर्ड की भी जांच कराने की मांग की है। उनका दावा है कि पिछले साल संदिग्ध किसानों को 60 लाख रुपए से ज्यादा बोनस मिला। इस साल भी भुगतान बढ़ने की आशंका है।

कलेक्टर ने बनाई जांच कमेटी

कलेक्टर जयश्री जैन ने बताया कि डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई गई है। इसमें अधीक्षक भू-अभिलेख सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। टीम को मौके पर जाकर दस्तावेजों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। गड़बड़ी की पुष्टि होने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button