ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम साय ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन: तीन साल में निगम क्षेत्र के विकास के लिए 886 करोड़ जारी करने का दावा, चिटफंड के 3 हजार निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के खुर्सीपार में 154 करोड़ 66 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में दो प्रमुख सड़क निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपए और भिलाई में ऑडिटोरियम व इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।

वहीं, जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग पर कोसानाला से कुटेला मार्ग और कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपए स्वीकृत करने की बात कही। इसके अलावा भिलाई में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम भी बनाया जाएगा।

रिटेंशन आवास का किराया 6 रुपए करने का फैसला

सीएम ने कहा कि बीएसपी टाउनशिप के रिटेंशन आवास का किराया 24 गुना बढ़ाए जाने का मामला सामने आने पर जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई।

इसके बाद अधिकारियों से बात कर मासिक किराया बढ़ोतरी को कम करते हुए 6 रुपए करने का निर्णय लिया गया। इससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।

चिटफंड के 3 हजार निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3 हजार निवेशकों को 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार रुपए से अधिक की राशि ऑनलाइन हस्तांतरित की। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, सूर्यघर योजना और श्रमिक कल्याण योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भिलाई औद्योगिक और नगरीय विकास में अहम भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button