ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 70 हजार किसानों से खरीदा 2.78 लाख टन धान: एक दिन में 63 हजार टन की खरीदी; 5 लाख से ज्यादा टोकन जारी

इस साल 360 नए खरीदी केंद्र बनाए गए; 2461 केंद्रों में शुरू हुई धान की आवक, 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा दाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी की रफ्तार बढ़ रही है। 23 नवंबर तक प्रदेश के 70 हजार 979 किसानों से 2 लाख 78 हजार 010 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है।

खास बात यह है कि अकेले 23 नवंबर को 63 हजार 074 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई। किसानों की सुविधा के लिए इस साल 360 नए उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश के 2461 केंद्रों में धान की आवक शुरू हो गई है।

राज्य सरकार के मुताबिक, अब तक किसानों को 5 लाख से अधिक ऑनलाइन टोकन जारी किए जा चुके हैं। ऑनलाइन टोकन प्रणाली के जरिए किसान घर बैठे धान बेचने की तारीख तय कर रहे हैं। इससे खरीदी केंद्रों में टोकन के लिए चक्कर लगाने और कतार में इंतजार करने की परेशानी कम हुई है।

3100 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा दाम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य देना सरकार की प्राथमिकता है।

प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। सरकार का दावा है कि खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई है।

केंद्रों पर सुविधाएं बनाए रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उपार्जन केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने को कहा गया है।

नए केंद्र शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे। सरकार को उम्मीद है कि डिजिटल टोकन और बढ़े हुए केंद्रों से खरीदी व्यवस्था अधिक सुविधाजनक होगी।

Related Articles

Back to top button