रेस्टोरेंट में आग, खिड़की से कूदकर बचाई जान; बच्चों को भी नीचे फेंका

दिल्ली। दिल्ली के मौजपुर इलाके में मंगलवार रात एक रेस्टोरेंट के किचन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं से बचने के लिए लोग पहली मंजिल की खिड़कियों से कूदने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने अपने बच्चों को भी नीचे खड़े लोगों की ओर फेंककर उनकी जान बचाई। घटना के वीडियो सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना मंगलवार रात करीब 10:34 बजे की है। मौजपुर स्थित उधम रेस्टोरेंट के किचन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते रेस्टोरेंट में धुआं भरने लगा। उस समय वहां करीब 40 से 50 लोग मौजूद थे। आग और धुएं के कारण लोगों को बाहर निकलने में परेशानी होने लगी। इसके बाद कई लोग जान बचाने के लिए पहली मंजिल की खिड़कियों से नीचे उतरने लगे।
बच्चों को नीचे खड़े लोगों के पास फेंका
घटना के सामने आए वीडियो में लोग बच्चों को पहली मंजिल से नीचे खड़े लोगों की ओर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। नीचे मौजूद लोग बच्चों को पकड़कर सुरक्षित निकालने की कोशिश करते नजर आए। कुछ लोग खुद भी खिड़की से कूदकर बाहर निकले। आग लगने के बाद रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई थी।
कर्मचारियों ने बुझाई आग
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले ही रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था। पुलिस के मुताबिक, घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आग किस वजह से लगी और घटना के समय रेस्टोरेंट में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।





