ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

SING फोरम के लिए छत्तीसगढ़ का चयन: 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरा; इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, IT-ITES और फार्मा में निवेश पर फोकस

रायपुर। रायपुर। छत्तीसगढ़ अब अपनी औद्योगिक संभावनाओं और निवेश के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा। विदेश मंत्रालय ने सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 के लिए देश के दो राज्यों छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरे पर रहेगा।

SING फोरम के जरिए राज्य को अपनी औद्योगिक उपलब्धियों, नई निवेश नीति और कारोबार के अनुकूल माहौल को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिलेगा। फोरम में सिंगापुर और भारत के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख लोग और निवेशक शामिल होंगे।

CEO राउंडटेबल में कंपनियों से सीधी चर्चा

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय CEO राउंडटेबल में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों, निवेश संस्थानों और कारोबारी समूहों के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। वे छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति, निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं और वनक्लिक सिंगल विंडो प्रणाली की जानकारी देंगे।

मुख्यमंत्री रोजगारपरक क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर भी चर्चा करेंगे। प्रतिनिधिमंडल की बैठकों में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, IT-ITES, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और फार्मास्युटिकल्स जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।

कौशल विकास और हरित विकास पर भी चर्चा

प्रतिनिधिमंडल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेगा। इन बैठकों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि SING फोरम में छत्तीसगढ़ का चयन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। सिंगापुर यात्रा के जरिए निवेश, रोजगार और वैश्विक विशेषज्ञता के नए अवसर तलाशे जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, CSIDC के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार और मुख्यमंत्री के OSD उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।

Related Articles

Back to top button