ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

खपरगंज हिंसा: मुख्य आरोपी सोहेल खान गिरफ्तार, 3 फरार साथी भी पकड़े गए

चार दिन से फरार था सोहेल; पुलिस के दबाव में कोनी थाने पहुंचकर किया सरेंडर, अब तक 12 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के खपरगंज में 28 अगस्त की रात हुए पथराव और हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले के मुख्य आरोपी सोहेल खान ने पुलिस के दबाव के चलते कोनी थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। इसके साथ ही पुलिस ने उसके तीन फरार साथियों अरबाज, अब्दुल रज्जाक और एक अन्य आरोपी को भी लालखदान क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

पुलिस चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद के बाद हिंसा में कितने लोग शामिल थे और पथराव की घटना में किसकी क्या भूमिका रही।

बिरयानी सेंटर के पास शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त की रात खपरगंज में बिरयानी सेंटर के पास दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सड़क पर जमकर पथराव हुआ और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद से ही पुलिस मुख्य आरोपी सोहेल खान की तलाश कर रही थी। करीब चार दिन तक फरार रहने के बाद उसने 1 सितंबर की रात कोनी थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

सोहेल के सरेंडर के बाद पुलिस ने उसके तीन साथियों को भी पकड़ लिया। पुलिस पहले ही दोनों पक्षों के कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। इनमें सोहेल गुट के आठ और ठाकुर राम सिंह गुट के तीन आरोपी शामिल हैं।

अब तक मामले में 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि, दूसरे पक्ष का मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ अन्य फरार आरोपियों को भी पकड़ने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एसएसपी और कलेक्टर ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था।

Related Articles

Back to top button