StateNewsदेश - विदेश

प्रयागराज में राहुल गांधी का छात्रों से संवाद: बोले- युवाओं को चक्रव्यूह में फंसाया, 1000 में सिर्फ 12 को स्थायी नौकरी

दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में करीब 47 मिनट छात्रों से संवाद किया।

उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और AI के कारण रोजगार पर पड़ रहे असर को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि सिस्टम ने युवाओं को चक्रव्यूह में फंसा दिया है।

परिवार लाखों-करोड़ों रुपए शिक्षा पर खर्च करते हैं, लेकिन BA-MA की डिग्री रोजगार की गारंटी नहीं देती। उन्होंने दावा किया कि 1000 युवाओं में केवल 12 को स्थायी नौकरी मिल रही है।

राहुल ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के पांच प्रमुख दरवाजे थे, लेकिन सभी बंद हो गए हैं। उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप, सरकारी नौकरी, पब्लिक सेक्टर और कॉरपोरेट सेक्टर का जिक्र किया।

उनके मुताबिक, नोटबंदी और GST से छोटे कारोबार प्रभावित हुए, सरकारी नौकरियों में प्रतियोगिता बढ़ी और पब्लिक सेक्टर के निजीकरण से रोजगार घटा। उन्होंने कहा कि AI के दौर में कॉरपोरेट नौकरियों पर भी दबाव बढ़ रहा है।

छात्रों से सुनी पेपर लीक और बेरोजगारी की परेशानी

कार्यक्रम में राहुल ने 7 से ज्यादा छात्र-छात्राओं से बातचीत की। एक छात्र ने बताया कि उसने जमीन बेचकर B.Ed. किया, लेकिन नौकरी नहीं मिली। उसने कहा कि उसके सामने चाय की दुकान खोलने या आत्महत्या करने जैसे विकल्प रह गए हैं। राहुल ने उसे समझाते हुए कहा कि आत्महत्या कोई समाधान नहीं है।

बिहार के एक छात्र ने पुलिस लाठीचार्ज और प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई का अनुभव साझा किया। एक छात्रा ने भी बिहार में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की बात कही।

21वीं सदी में डेटा बड़ी ताकत

राहुल ने डेटा और AI का जिक्र करते हुए कहा कि 21वीं सदी में डेटा बड़ी ताकत है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं का डेटा बड़ी कंपनियों के पास पहुंच रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से नफरत के बजाय मोहब्बत के साथ बदलाव की लड़ाई लड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रियंका गांधी की बेटी मिराया वाड्रा भी मौजूद थीं। यूपी के 23 जिलों से छात्रों को बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान राहुल के काफिले के सामने कुछ लोगों ने काले और भगवा झंडे दिखाकर विरोध भी किया।

Related Articles

Back to top button