ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पीएम मोदी की गारंटी और सुशासन से बदल रहा छत्तीसगढ़: सीएम साय; झेरिया यादव समाज के भवन के लिए 15 लाख की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी, सुशासन की नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के विकास, किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री रविवार को रायपुर के ग्राम बरौदा में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन एवं सामाजिक भवन लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर उन्होंने रायपुर में झेरिया यादव समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की और ग्राम बरौदा में नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया।

सीएम साय ने कहा कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए। विशेष पिछड़ी जनजातियों (पीवीटीजी) के लिए 32 हजार आवास मंजूर किए गए हैं।

किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है, जबकि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में हर महीने एक हजार रुपये की राशि भेजी जा रही है।

उन्होंने कहा कि बस्तर में अब शांति और विकास का नया वातावरण बन रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। वहीं रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम में दर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां सुशासन एवं अभिसरण विभाग बनाया गया है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के जरिए सरकारी सेवाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, रामकुमार यादव, झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button