देश - विदेशStateNews

मानसून की तेज दस्तक से MP-CG में बदलेगा मौसम, 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली/रायपुर। देशभर में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश समेत 17 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में मेघ गर्जन, तेज हवाओं और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। अगले एक-दो दिनों में मानसून के छत्तीसगढ़ पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को 37.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बरमकेला, नारायणपुर, नगरी और छोटेडोंगर सहित कई क्षेत्रों में दो से चार सेंटीमीटर तक बारिश हुई।

हालांकि मानसून पूर्व बारिश की कमी अभी भी चिंता का कारण बनी हुई है। प्रदेश में 1 जून से 12 जून तक औसत 17.7 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से करीब 47 प्रतिशत कम है। राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जैसे जिलों में बारिश की कमी 90 से 100 प्रतिशत तक दर्ज की गई है।

मध्य प्रदेश में भी मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में भी आंधी-बारिश से जनहानि की घटनाएं सामने आई हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि 22 जून के बाद प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button