ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सेक्स के लिए घर बुलाकर युवक की हत्या: अश्लील वीडियो से कर रहा था ब्लैकमेल, महिला समेत 3 गिरफ्तार

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में खेत में बोरी में बंद मिली युवक की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने एक महिला, उसके पति और देवर को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया है कि युवक महिला के साथ अवैध संबंध होने का फायदा उठाकर उसे अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था। इसी विवाद ने हत्या का रूप ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक लंबे समय से महिला को आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परेशान कर रहा था। वह ब्लैकमेल कर कई बार जबरन शारीरिक संबंध भी बनाता था। घटना वाली रात भी उसने महिला पर संबंध बनाने का दबाव डाला, जिससे वह परेशान हो गई।

पुलिस जांच में पता चला कि महिला ने युवक को अपने घर बुलाया। वहां पहले से ही पति और देवर को पूरी जानकारी थी। घर पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया और महिला ने सरिया मोड़ने वाले भारी पाना से युवक के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर सबूत मिटाने की कोशिश की। शव को एक बोरी में भरकर ट्रैक्टर के जरिए पांडातराई थाना क्षेत्र के सोंढा गांव के पास खेत में फेंक दिया।

कुछ दिन बाद ग्रामीणों ने खेत में संदिग्ध हालत में बोरी देखी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। जांच के दौरान बोरी से युवक का शव बरामद हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने महिला, उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच पूरी कर ली गई है और आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button