जनगणना 2027 की तैयारी तेज: छत्तीसगढ़ में 60% से ज्यादा मकान सूचीकरण पूरा, GPM जिला बना नंबर-1

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्यभर में मकान सूचीकरण ब्लॉकों (HLB) के गठन और सत्यापन का काम तेजी से चल रहा है। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 60.73 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। डिजिटल तकनीक की मदद से कुल 48,742 ब्लॉकों में से 29,602 ब्लॉकों का काम पूर्ण हो चुका है।
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने इस प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों और मैदानी अमले को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना से ही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी जनगणना के आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं और नीति निर्माण की मजबूत नींव बनेंगे।
राज्य में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिला सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला जिला बनकर उभरा है। जिले ने अपने सभी 528 मकान सूचीकरण ब्लॉकों का काम पूरा कर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। इसके बाद जशपुर 99.87 प्रतिशत और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 99.84 प्रतिशत के साथ शीर्ष जिलों में शामिल हैं। वहीं बेेमेतरा और मुंगेली में भी काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
GPM कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने बताया कि दुर्गम और आदिवासी क्षेत्र होने के बावजूद माइक्रो प्लानिंग और रोजाना डिजिटल मॉनिटरिंग के जरिए लक्ष्य हासिल किया गया। उन्होंने इसका श्रेय प्रगणकों और प्रशासनिक टीम को दिया।
हालांकि बड़े शहरों और नगर निगम क्षेत्रों का प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है। रायगढ़ नगर निगम में केवल 4.65 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। भिलाई नगर में 7.84 प्रतिशत और रिसाली में 8.33 प्रतिशत कार्य ही संपन्न हो पाया है। राजधानी रायपुर में 1964 ब्लॉकों में से सिर्फ 203 ब्लॉकों का काम पूरा हुआ है, जो कुल लक्ष्य का 10.34 प्रतिशत है। सरकार ने धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों में मॉनिटरिंग बढ़ाने और विशेष नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए हैं।





