प्रेग्नेंट पत्नी के प्राइवेट पार्ट में डाली लोहे की रेती: मां और गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत, पति फरार

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है।
अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी 3 महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि उसने पत्नी के प्राइवेट पार्ट में लोहे की रेती (औजार) डाल दी, जिससे महिला और गर्भ में पल रहे बच्चे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भिठीकला निवासी हीराबाई (23) की शादी प्रदीप अगरिया से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। गुरुवार दोपहर आरोपी ने किसी बात को लेकर पत्नी के साथ जमकर मारपीट की। जब महिला बेसुध हो गई तो आरोपी उसे बाइक से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा।
अस्पताल में उसने डॉक्टरों को बताया कि पत्नी सड़क हादसे में घायल हुई है। जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही आरोपी शव छोड़कर मौके से भाग निकला।
शुक्रवार को परिजन अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट में महिला के शरीर पर 16 चोट के निशान मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि महिला के साथ बेहद क्रूरता की गई थी।
फोरेंसिक टीम ने जब घर की जांच की तो कमरे और दरवाजे के पास खून के धब्बे मिले। घर के अंदर सामानों पर भी खून के छींटे पाए गए। पुलिस को घसीटने के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घायल अवस्था में महिला को खींचकर बाहर लाया गया था।
महिला की 5 साल की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने मां को बेरहमी से पीटा था। बच्ची घटना के दौरान डरी-सहमी हुई थी।
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।



