ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर नक्सलियों का बड़ा डंप पकड़ा: 1 करोड़ कैश, AK-47 और भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

नारायणपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाल आतंक के सबसे बड़े ठिकानों में से एक का भंडाफोड़ किया है।

नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ इलाके के घने जंगलों में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के दौरान जवानों ने एक विशाल नक्सल डंप बरामद किया, जहां से 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपए नकद, AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है।

यह कार्रवाई जिला पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने की। सुरक्षाबलों को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने जंगल के भीतर बड़ी मात्रा में हथियार और नकदी छिपाकर रखी है।

इसके बाद जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया और जंगल में छिपे डंप तक पहुंच गए। तलाशी के दौरान AK-47, SLR, इंसास और 303 रायफल के साथ बड़ी संख्या में मैग्जीन और सैकड़ों जिंदा कारतूस बरामद हुए।

इसके अलावा 132 बीजीएल सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, बारूद, रॉकेट लॉन्चर सामग्री, वॉकी-टॉकी, मोटोरोला सेट और नक्सली वर्दियां भी मिली हैं।

सुरक्षाबलों ने इसे नक्सल नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद नकदी का इस्तेमाल नक्सली संगठन भर्ती, हथियार खरीद और नेटवर्क संचालन में करता था।

पिछले एक महीने में अबूझमाड़ के जंगलों से लगातार हथियार और विस्फोटक बरामद हो रहे हैं। नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 270 हथियार जब्त किए जा चुके हैं।

उनका कहना है कि लगातार कार्रवाई से नक्सल नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है और इलाके में शांति व विकास की प्रक्रिया मजबूत हो रही है।

Related Articles

Back to top button