ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

धमतरी में चंगाई सभाओं को लेकर बवाल: हिंदू संगठन ने किया विरोध, नियमों के उल्लंघन का आरोप

धमतरी। धमतरी शहर में रविवार को कथित चंगाई सभाओं को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग वार्डों में चल रही सभाओं में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सभा संचालकों और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बहस और नोकझोंक भी हुई, जिससे कई जगहों पर तनाव का माहौल बन गया।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता उन स्थानों पर पहुंचे जहां चंगाई सभाएं आयोजित की जा रही थीं। संगठन का आरोप है कि इन आयोजनों के लिए प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई और धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत जरूरी नियमों और प्रक्रियाओं का पालन भी नहीं किया जा रहा है।

संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि कानून के अनुसार धर्म परिवर्तन या उससे जुड़े आयोजनों की सूचना प्रशासन को देना अनिवार्य है, लेकिन कई स्थानों पर इसकी अनदेखी की जा रही है। हिंदू जागरण मंच ने आरोप लगाया कि चंगाई सभाओं में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग भी शामिल हो रहे हैं और उन्हें प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

विरोध के दौरान कुछ जगहों पर सभा संचालकों और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ के कारण माहौल तनावपूर्ण बना रहा। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए किसी बड़े विवाद को नहीं होने दिया।

हिंदू जागरण मंच ने पुलिस प्रशासन पर भी निष्क्रियता का आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद ऐसे आयोजनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे शहर में इस तरह की सभाएं लगातार बढ़ रही हैं।

इधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है। संबंधित आयोजनों की सूची मंगाई गई है और यदि कहीं बिना अनुमति या नियमों के उल्लंघन के साथ चंगाई सभा आयोजित की गई होगी तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button