सम्राट कैबिनेट का आज विस्तार, PM पटना पहुंचे: एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक रोड शो; 32 मंत्री लेंगे शपथ

पटना। बिहार की राजनीति में आज बड़ा दिन है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ लेने के 22 दिन बाद उनकी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हो रहा है।
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मेगा समारोह में 32 नए मंत्री शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत NDA के तमाम दिग्गज कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कैबिनेट विस्तार में बीजेपी से 15, जेडीयू से 13, एलजेपी (रामविलास) से 2 और HAM व RLM से एक-एक विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ से पहले संभावित मंत्रियों को राजभवन से फोन किए गए।
बीजेपी कोटे से दिलीप जायसवाल, विजय सिन्हा, प्रमोद चंद्रवंशी, रमा निषाद और मिथिलेश तिवारी जैसे नेताओं के नाम सामने आए हैं। वहीं जेडीयू से निशांत कुमार, बुलो मंडल, श्वेता गुप्ता और श्रवण कुमार को मौका मिला है।
सबसे ज्यादा चर्चा नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर है। शपथ से पहले उन्होंने पिता नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
पटना पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आ रहा है। गांधी मैदान से लेकर इनकम टैक्स गोलंबर और बीजेपी कार्यालय तक भगवा झंडे, पोस्टर और मंच लगाए गए हैं। पीएम मोदी एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक करीब 8 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। रास्ते में 16 जगहों पर उनका स्वागत होगा।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में NSG कमांडो, भारी पुलिस बल और CCTV से निगरानी की जा रही है। VIP एंट्री के लिए अलग गेट बनाए गए हैं।
मंत्रिमंडल में जातीय और सामाजिक समीकरण साधने की भी कोशिश दिख रही है। नए मंत्रियों में EBC, OBC, दलित, सवर्ण और मुस्लिम समुदाय को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
सम्राट कैबिनेट में 5 महिला मंत्री भी शामिल होंगी। वहीं ट्रैफिक डायवर्जन के चलते पटना के कई इलाकों में सुबह से लंबा जाम देखने को मिला।



