मुंबई इंडियंस रायपुर पहुंची, नमकीन खाते दिखे रोहित शर्मा

कप्तान हार्दिक पांड्या टीम के साथ नहीं पहुंचे; 10 मई को RCB से मुकाबला
रायपुर। IPL मुकाबले को लेकर मुंबई इंडियंस की टीम बुधवार को रायपुर पहुंच गई। हालांकि टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या इस दौरे में साथ नहीं आए हैं। एयरपोर्ट से होटल जाते वक्त टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी रोहित शर्मा बस में नमकीन खाते हुए नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
10 मई को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला शाम 7:30 बजे शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम के रायपुर पहुंचते ही क्रिकेट फैंस में उत्साह बढ़ गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पांड्या पीठ में खिंचाव (बैक स्पाज्म) के कारण टीम के साथ नहीं आए हैं। उन्होंने पिछला मुकाबला भी मिस किया था, जिसमें सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी संभाली थी। फिलहाल उनकी वापसी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इधर मैच की तैयारियों को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, ट्रैफिक, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन को लेकर दिशा-निर्देश दिए हैं। स्टेडियम के हर गेट पर वालेंटियर तैनात करने और SOP का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मैच के लिए लगभग सभी टिकट बिक चुके हैं। इस बार ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए डिजिटल M-टिकट सिस्टम लागू किया गया है। हर टिकट को केवल एक बार ही ट्रांसफर किया जा सकेगा और एंट्री के लिए QR कोड मैच के दिन ही एक्टिव होगा। फिजिकल टिकट की जरूरत नहीं होगी।
खास बात यह है कि 10वीं और 12वीं बोर्ड के मेरिट स्टूडेंट्स को यह मैच मुफ्त में दिखाया जाएगा। वहीं, स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे और दर्शकों को निर्धारित गेट से ही प्रवेश मिलेगा। सुरक्षा एजेंसियों ने दर्शकों से सहयोग की अपील की है।



