हंस ट्रेवल्स कार्यालय में पुलिस की रेड, संदिग्ध पार्सल से 16 लाख रुपए बरामद

कोलकाता से दिल्ली भेजा जा रहा था पार्सल, कर्मचारियों से पूछताछ जारी
रायपुर। राजधानी रायपुर में संदिग्ध पार्सल से बड़ी मात्रा में नगदी बरामद होने का मामला सामने आया है। न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने अशोका मिलेनियम प्लाजा स्थित हंस ट्रेवल्स कार्यालय में दबिश देकर एक पार्सल से 16 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं। फिलहाल मामले में पुलिस गहन जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 6 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि हंस ट्रेवल्स के जरिए कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे एक पार्सल में संदिग्ध सामग्री है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रेवल्स कार्यालय में रेड कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान पुलिस को तीन सफेद रंग के बोरों में बड़ी मात्रा में करेंसी नोट मिले। जब बोरों को खोला गया तो उसमें 20 रुपए के 400 बंडल और 10 रुपए के 800 बंडल पाए गए। कुल मिलाकर जब्त रकम 16 लाख रुपए आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में छोटे मूल्य के नोट मिलने से मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है।
पुलिस ने बरामद नगदी को कब्जे में लेकर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी भेज दी गई है, ताकि आर्थिक पहलुओं की जांच की जा सके।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह रकम किसकी है और इसे किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था। पुलिस हंस ट्रेवल्स के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और पार्सल बुक कराने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क और इस नगदी के पीछे की सच्चाई सामने आ पाएगी। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।





