नगर निगम में भाजपा का प्रदर्शन: महापौर-कमिश्नर के खिलाफ नारेबाजी, भेदभाव का आरोप

दुर्ग। भिलाई नगर निगम में भाजपा नेताओं और पार्षदों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए महापौर और कमिश्नर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आगामी नगरीय निकाय चुनावों से पहले भाजपा ने संगठनात्मक ताकत दिखाते हुए निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा पार्षदों के साथ भेदभाव, भ्रष्टाचार और तानाशाही फैसलों का मुद्दा उठाया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय के सामने नेशनल हाईवे-53 पर टेंट लगाकर सभा की, हालांकि इसके लिए पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। नेताओं ने आरोप लगाया कि निगम में केवल टाउनशिप क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है, जबकि स्लम बस्तियों की लगातार अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि महापौर का ध्यान सीमित क्षेत्रों तक ही है और गरीब इलाकों में बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पा रही हैं।
सुबह 11 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर तक उग्र हो गया। कार्यकर्ताओं ने निगम के बाहर लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ते हुए मुख्य द्वार तक पहुंचने की कोशिश की। इस दौरान भाजपा के भीतर गुटबाजी भी खुलकर सामने आई। मंच से नेताओं द्वारा अनुशासन बनाए रखने की अपील के बावजूद कई कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़ने में जुटे रहे।
प्रदर्शन में भाजपा के संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला प्रभारी रामजी भारती, विधायक रिकेश सेन, जिलाध्यक्ष पुरषोत्तम देवांगन समेत कई पार्षद और नेता मौजूद रहे। अंत में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम वीरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।



