ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

समर सीजन में छत्तीसगढ़ से 18 स्पेशल ट्रेनें: यात्रियों को राहत, 15 जुलाई तक चलेंगी सेवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जोन से गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा के लिए 18 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा शुरू की गई ये ट्रेनें 15 अप्रैल से 15 जुलाई तक संचालित होंगी और इस दौरान कुल 88 फेरे लगाएंगी। बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह कदम राहत देने वाला माना जा रहा है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन 18 ट्रेनों में से 13 का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि बाकी ट्रेनें जल्द ही चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी। ये स्पेशल ट्रेनें बिलासपुर-रायपुर, दुर्ग-गोंदिया, इतवारी-रायगढ़ और शहडोल जैसे प्रमुख रूटों पर चलाई जा रही हैं, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

देशभर की बात करें तो भारतीय रेलवे ने इस समर सीजन के लिए 908 विशेष ट्रेनों को मंजूरी दी है, जो कुल 18,262 फेरे संचालित करेंगी। इसका उद्देश्य छुट्टियों के दौरान बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

भीषण गर्मी को देखते हुए रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों जैसे रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, इतवारी, रायगढ़ और शहडोल में अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। इनमें अतिरिक्त टिकट काउंटर, ठंडे पेयजल की व्यवस्था, प्रतीक्षालयों में सुधार और सुरक्षा को मजबूत किया गया है।
रेलवे का कहना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से वेटिंग लिस्ट में कमी आएगी और यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। इससे यात्रा अधिक सुगम और आरामदायक बनेगी।

Related Articles

Back to top button