AIMIM पार्षद सहर शेख भड़कीं: ‘किसी के बाप का हिंदुस्तान नहीं’

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंब्रा की सहर शेख इन दिनों अपने OBC प्रमाणपत्र को लेकर विवादों में घिरी हुई हैं। इस बीच उन्हें सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी और बांग्लादेशी कहे जाने पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सहर शेख ने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि “यह देश किसी एक का नहीं है, यहां की मिट्टी में सभी का खून शामिल है, यह किसी के बाप का हिंदुस्तान नहीं है।”
सहर शेख ने कहा कि जो लोग उन्हें पाकिस्तान या बांग्लादेश जाने की बात कहते हैं, उन्हें पहले अपने दस्तावेज और इतिहास की जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर कोई चुप रहता है, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह कमजोर है। कई बार चुप रहना भी समझदारी होती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम जवाब नहीं दे सकते।”
उन्होंने अपने OBC प्रमाणपत्र को लेकर लगे आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। सहर शेख का कहना है कि उनका प्रमाणपत्र पूरी तरह वैध है और इसे तहसीलदार कार्यालय द्वारा विधिवत जारी किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी रही है।
सुनवाई प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पहली सुनवाई के दौरान तहसीलदार मौजूद थे, लेकिन बाद में नायब तहसीलदार को सुनवाई का अधिकार किस आधार पर दिया गया, यह स्पष्ट नहीं है। इस संबंध में उन्होंने तहसीलदार उमेश पाटील के खिलाफ जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत भी दर्ज कराई है। यह मामला अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है।





