सीएम विष्णुदेव साय की पहल से मजबूत होगी बिजली व्यवस्था: जशपुर समेत कई क्षेत्रों को बड़ी सौगात

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ और विश्वसनीय बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जशपुर जिले सहित प्रदेश के कई ग्रामीण इलाकों में लो वोल्टेज और बिजली बाधित होने की समस्या के समाधान के लिए व्यापक योजना लागू की जा रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जशपुर जिले के 133 गांवों, कस्बों और टोला-मुहल्लों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। इसका सीधा फायदा किसानों, छात्रों और छोटे व्यापारियों को मिलेगा, जिनकी रोजमर्रा की गतिविधियां अब अधिक सुचारू रूप से चल सकेंगी।
इसके अलावा प्रदेश में विद्युत अधोसंरचना के विस्तार पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। कुनकुरी के हर्राडांड में 400/220 केवी का अत्याधुनिक उपकेंद्र स्थापित किया जा रहा है, जो राज्य के प्रमुख पावर हब में शामिल होगा। वहीं सलिहाटोली, विपतपुर, भगोरा, समडमा, मैनी, रेड़े, पालीडीह, खुटेरा और चेटवा में नए 33/11 केवी सब-स्टेशन बनाए जाएंगे।
फरसाबहार और झिक्की बगीचा में 132/33 केवी क्षमता के सब-स्टेशन भी स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं से बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा और ट्रिपिंग की समस्या में कमी आएगी। साथ ही औद्योगिक और कृषि गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है। बेहतर बिजली व्यवस्था से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। प्रदेशवासियों ने इस कदम को राज्य के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है।



