रायपुर में एसबीआई के नए भवन का शुभारंभ: आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से ग्राहकों को मिलेगा बेहतर अनुभव

रायपुर। रायपुर में बैंकिंग सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कचहरी चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की कचहरी शाखा के नए एवं अत्याधुनिक भवन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बैंक के मुख्य महाप्रबंधक श्री प्रभाष कुमार सुबुद्धि, उप महाप्रबंधक श्री रमेश सिन्हा, प्रबंधक श्री अनिल यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर कहा कि यह खुशी और गर्व की बात है कि पिछले 50 वर्षों से संचालित एसबीआई की कचहरी शाखा अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन में स्थानांतरित हो गई है। उन्होंने कहा कि इस नए परिसर में ग्राहकों को अत्याधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनके लेन-देन और अन्य कार्य अधिक सरल, सुरक्षित और तेज होंगे।
उन्होंने बैंकिंग व्यवस्था को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि भारतीय स्टेट बैंक अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रहा है। एसबीआई ने हमेशा ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखते हुए बेहतर सेवाएं प्रदान की हैं और भविष्य में भी इसी तरह अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शाखा के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों को शुभारंभ की बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई शाखा क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं के स्तर को और ऊंचाई पर ले जाएगी।
गौरतलब है कि एसबीआई की कचहरी शाखा ने हाल ही में अपनी सेवाओं के 50 वर्ष पूर्ण किए हैं। ग्राहकों को और बेहतर, सुविधाजनक और उन्नत सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से इस शाखा को पंडरी रोड स्थित आक्सीजोन क्षेत्र में नए भवन में स्थानांतरित किया गया है। यहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं के साथ ग्राहकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा।



