ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रेत माफियाओं का आतंक: कार्रवाई करने गए वन अमले पर हमला

लाठी-डंडों से पीटा, दो कर्मचारी गंभीर; आरोपियों पर FIR दर्ज, तलाश जारी

मुंगेली। मुंगेली जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर रेत माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आई हैं। घटना 10 अप्रैल 2026 की रात खुड़िया वन परिक्षेत्र के सरगढ़ी परिसर की है।

जानकारी के अनुसार, वन अमला अवैध उत्खनन की सूचना पर भुक्खुनाला क्षेत्र में पहुंचा था। यहां टीम ने एक ट्रैक्टर को अवैध रेत के साथ पकड़ा और चालक को हिरासत में लिया। इसके बाद टीम अन्य वाहनों की तलाश में जंगल के अंदर आगे बढ़ी, जहां कुछ वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

वापसी के दौरान भुक्खुनाला के पास अचानक कई लोग एकत्र हो गए। पहले विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोपियों ने वनकर्मियों को चारों ओर से घेर लिया और लाठी-डंडों व हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, टीम को कुछ समय के लिए बंधक भी बना लिया गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं।

हमले में वन रक्षक अभिषेक बर्मन के सिर, माथे और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि योगेश बरेठ के हाथ-पैर, गर्दन और आंख के पास गहरी चोटें आई हैं। अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आई हैं। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह वनकर्मियों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया गया।

घायलों को तुरंत लोरमी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक बर्मन को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

कलेक्टर कुंदन कुमार और डीएफओ अभिनव कुमार के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button