ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महिला आरक्षण से आधी आबादी को मिलेगा पूरा हक: सीएम साय

निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की बढ़ेगी भागीदारी, ‘नारी शक्ति वंदन’ को बताया ऐतिहासिक कदम

रायपुर। रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महिला आरक्षण देश की आधी आबादी को उनका पूरा अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। इससे महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ेगी और लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में नई दिल्ली के विज्ञान भवन से प्रसारित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह मातृशक्ति के सशक्तिकरण का ऐतिहासिक क्षण है, जो देश के लोकतांत्रिक ढांचे को और अधिक समावेशी बनाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक’ महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना नए भारत की स्पष्ट तस्वीर है। निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सीधी भागीदारी ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि 16 अप्रैल को संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर होने वाली चर्चा इस दिशा में अहम कदम है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत की संस्कृति में नारी को सदैव उच्च स्थान मिला है। वैदिक काल से लेकर आज तक महिलाओं ने समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डबल इंजन सरकार की योजनाओं ने इस परंपरा को आधुनिक स्वरूप दिया है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है, जिसका सकारात्मक असर जमीनी स्तर पर दिख रहा है। वहीं ‘महतारी वंदन योजना’ जैसी पहल से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण पर देश में चर्चा के बीच प्रदेश में ‘महतारी गौरव वर्ष’ मनाया जाना गर्व की बात है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे हर मंच पर अपनी भागीदारी बढ़ाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे आएं।

Related Articles

Back to top button