बस्तर समेत पूरे प्रदेश के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध: वन मंत्री केदार कश्यप

रायपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नारायणपुर जिले के दौरे के दौरान 17 करोड़ 59 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी और विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिले को नई दिशा देने की बात कही।
वन मंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर जीवन स्तर मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन) को युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन का बेहतर मंच मिलेगा। अबूझमाड़ और नारायणपुर के युवा भी उच्च शिक्षा में आगे बढ़कर इंजीनियर, डॉक्टर और शासकीय सेवाओं में अपना भविष्य बना सकेंगे।
इस दौरान कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि कार्यक्रम में नेशनल हाईवे-130डी के मजबूतीकरण सहित कुल 11 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में वन मंत्री ने राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत तीन हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपए के चेक वितरित किए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के अंतर्गत 25 हितग्राहियों को अनुज्ञा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधियों के समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि टीमवर्क के जरिए ही विकास कार्यों को गति मिलती है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य तेजी से पूरा हो रहा है, जिससे नारायणपुर और अबूझमाड़ जैसे क्षेत्रों में विकास की नई राह खुली है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।





