StateNewsदेश - विदेश

IPL 2026: सौरव दुबे KKR और दसुन शनाका राजस्थान रॉयल्स में शामिल; हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट पर सस्पेंस बरकरार

दिल्ली। IPL का 19वां सीजन शुरू होने में अब महज कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन खिलाड़ियों की चोट ने फ्रेंचाइजियों की चिंता बढ़ा दी है। टूर्नामेंट के आगाज से पहले ही 10 खिलाड़ियों के खेलने पर संशय बना हुआ है। इसी बीच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने अपने खेमे में नए खिलाड़ियों की एंट्री कराई है।

आकाश दीप की जगह सौरव दुबे की एंट्री
कोलकाता नाइट राइडर्स ने चोटिल तेज गेंदबाज आकाश दीप की जगह विदर्भ के सौरव दुबे को टीम में शामिल किया है। 28 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरव दुबे अपनी स्विंग और अतिरिक्त उछाल के लिए जाने जाते हैं। दुबे इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक IPL डेब्यू का मौका नहीं मिला है। मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे दुबे को KKR ने उनके बेस प्राइस पर साइन किया है।

दसुन शनाका खेलेंगे राजस्थान रॉयल्स से
राजस्थान रॉयल्स ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन के चोटिल होने के बाद श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका को टीम से जोड़ा है। शनाका फिलहाल पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में लाहौर कलंदर्स का हिस्सा थे, जिसे छोड़कर वे अब भारत आएंगे। टी-20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले शनाका के आने से राजस्थान के मिडिल ऑर्डर और गेंदबाजी को मजबूती मिलेगी। हेड कोच कुमार संगकारा की मौजूदगी में शनाका जल्द ही गुवाहाटी में टीम के साथ जुड़ेंगे।

KKR की बढ़ी मुश्किल: हर्षित और पथिराना पर फैसला नहीं
KKR के लिए सबसे बड़ी चिंता हर्षित राणा और मथीशा पथिराना को लेकर है।

हर्षित राणा: घुटने की सर्जरी के कारण हर्षित लंबे समय के लिए बाहर हैं। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि उनके स्तर का भारतीय विकल्प फिलहाल मार्केट में उपलब्ध नहीं है, इसलिए रिप्लेसमेंट पर फैसला रोका गया है।

मथीशा पथिराना: 18 करोड़ में खरीदे गए पथिराना भी चोटिल हैं, लेकिन KKR उन्हें रिलीज नहीं करना चाहती। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि वे टूर्नामेंट के बीच में फिट होकर वापसी करेंगे।

IPL 2026 का शेड्यूल और बदलाव
टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू हो रहा है। ओपनिंग मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। इससे पहले KKR ने मुस्तफिजुर रहमान की जगह जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी को भी अपनी टीम में शामिल किया है।

Related Articles

Back to top button