ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

विधानसभा सदस्यों के लिए ब्रह्मा भोजन सुंदर और प्रेरणादायी परंपरा: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नया रायपुर स्थित शांति सरोवर में आयोजित स्नेह मिलन एवं ब्रह्मा भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्यों के लिए किया गया था।

मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारी बहनों के स्नेह, आत्मीयता और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि हर वर्ष विधानसभा सदस्यों के लिए ब्रह्मा भोजन का आयोजन एक सुंदर और प्रेरणादायी परंपरा है। उन्होंने कहा कि बहनों के प्रेम और आदर से सभी जनप्रतिनिधि अभिभूत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरूकता और आत्मिक शांति के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

शांति सरोवर और शांति शिखर जैसे आध्यात्मिक केंद्र सकारात्मक ऊर्जा के प्रतीक हैं। संस्था का 137 से अधिक देशों में विस्तार इसकी वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि संस्था महिलाओं के सशक्तिकरण, जनजागृति और जनजातीय क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है। इससे समाज के विभिन्न वर्गों को व्यापक लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, कैबिनेट मंत्रीगण और विधानसभा सदस्य भी मौजूद रहे।

सभी ने पवित्र ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया। ब्रह्माकुमारी परिवार की ओर से मुख्यमंत्री एवं सदस्यों को माउंट आबू आने का आमंत्रण दिया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक धरमलाल कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button