ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बजरंग दल ने धर्म पूछकर बंद कराई मुस्लिमों की दुकानें: ‘जय माता दी’ लिखकर चाट बेच रहा था, गाली-गलौज कर हटवाया

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित देव बलौदा चरोदा मेले में बड़ा विवाद सामने आया है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने धर्म पूछकर मुस्लिम दुकानदारों की दुकानों को जबरन बंद करा दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गाली-गलौज, धमकी और धक्का-मुक्की के दृश्य साफ नजर आ रहे हैं।

विवाद की शुरुआत एक गुपचुप-चाट बेचने वाले दुकानदार से हुई, जिसके ठेले पर “अजीत चाट भंडार” और “जय माता दी” लिखा था। लेकिन जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन भुगतान के लिए क्यूआर कोड स्कैन किया, तो उसमें “भाईजान चाट वाला” नाम सामने आया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पहचान छिपाकर व्यापार करने का आरोप लगाते हुए दुकानदार से तीखी बहस की और उसकी दुकान बंद करवा दी।

इसके बाद बजरंग दल के पदाधिकारियों ने पूरे मेले में घूमकर दुकानदारों से उनके नाम और धर्म पूछे। मुस्लिम दुकानदारों को गाली-गलौज करते हुए दुकान समेटने और मेला छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। कई जगह धक्का-मुक्की भी हुई। आरोप है कि कुछ महिला दुकानदारों से ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने को कहा गया और मना करने पर उन्हें अपमानित किया गया।

मौके पर सीएसपी छावनी, भिलाई-3 थाने के टीआई और पुलिस बल मौजूद रहा, लेकिन कार्रवाई न के बराबर दिखी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की कार्रवाई का हवाला देते हुए दुकानदारों को धमकाया कि यदि दुकान नहीं हटाई तो जब्ती की जाएगी।

मुस्लिम व्यापारियों ने बताया कि वे 20-25 वर्षों से इस मेले में दुकान लगाते आ रहे हैं और कभी कोई विवाद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल रोज़ी-रोटी कमाना है, न कि धर्म के आधार पर भेदभाव फैलाना।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच की बात कही है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोपों को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Related Articles

Back to top button