ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नगरीय निकायों में ऐतिहासिक जनादेश का एक वर्ष: सुशासन, पारदर्शिता और विकास पर जनता की मुहर- सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज से ठीक एक वर्ष पूर्व राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में मिले ऐतिहासिक जनादेश ने सुशासन, पारदर्शिता और विकास के प्रति जनता के अटूट विश्वास को प्रमाणित किया है। यह परिणाम सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर जनता की स्पष्ट मुहर है।

मुख्यमंत्री साय रायगढ़ प्रवास के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान से भेंट कर जनादेश की वर्षगांठ को स्मरण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक साधारण चाय विक्रेता से महापौर तक की श्री चौहान की यात्रा लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति और आमजन के भरोसे का सशक्त उदाहरण है। यह बताता है कि जनता का विश्वास ही सबसे बड़ा बल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों में किए गए सभी वादों को सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतार रही है। स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में ठोस प्रगति हुई है। शहरी क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं का विकास, पारदर्शी प्रशासन और सरल सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, मिशन अमृत 2.0 और पीएम ई-बस सेवा जैसी योजनाओं के माध्यम से शहरी विकास को नई गति मिली है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल आपूर्ति, सीवरेज, हरित परिवहन और डिजिटल सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। 15वें वित्त आयोग और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से अधोसंरचना मजबूत हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा परिसर, मोर संगवारी सेवा और ई-गवर्नेंस प्लेटफॉर्म से नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने सभी महापौरों को बधाई देते हुए कहा कि विकास, विश्वास और जवाबदेही के संकल्प के साथ प्रदेश के शहरों को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button