ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के एग्रोक्लाइमेट के अनुरूप बनेगी विशेष कृषि नीति, किसानों की आय बढ़ाने फसल विविधिकरण पर जोर: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

रायपुर। केन्द्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि छत्तीसगढ़ को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और उन्नत बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर विशेष नीति तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों और राज्य सरकार के अधिकारियों की संयुक्त टीम अगले एक सप्ताह में छत्तीसगढ़ के एग्रोक्लाइमेट के अनुरूप कृषि नीति का मसौदा तैयार करेगी।

मंत्री चौहान आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में कृषि विभाग के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री साय कृषि और ग्रामीण विकास के सभी पहलुओं पर बेहतर कार्य कर रहे हैं, जिसका सकारात्मक असर किसानों की आय और उत्पादन पर दिख रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए पतला और सुगंधित धान, दलहन, तिलहन और बागवानी फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही पशुपालन, मत्स्यपालन और वानिकी जैसी सहायक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने अनुसंधान, नई किस्मों के विकास और फसल विविधिकरण पर विशेष जोर दिया।

बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि सिंचाई योजना, बागवानी मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री साय ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताते हुए कहा कि इन दिशा-निर्देशों से छत्तीसगढ़ में कृषि विकास को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button