ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अस्पताल में मुंगेली BJYM जिलाध्यक्ष की दबंगई: डॉक्टर को धमकाने पर FIR दर्ज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) मुंगेली जिलाध्यक्ष तरुण खांडेकर ने अपनी मां का इलाज कराने के दौरान ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर से बदसलूकी और धमकी दी। डॉक्टर डॉ. अभिषेक पात्रो की शिकायत पर पुलिस ने तरुण खांडेकर के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी की रात करीब 9:40 बजे डॉ. पात्रो ड्यूटी पर थे। इसी दौरान तरुण खांडेकर अपनी मां को लेकर अस्पताल आए। उन्होंने डॉक्टर से इंजेक्शन और दवा देने का दबाव बनाना शुरू किया। डॉक्टर ने चिकित्सकीय नियमों के कारण मना किया, तो आरोपी ने अस्पताल में हंगामा मचाते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने अपनी राजनीतिक पहचान और रसूख का हवाला देकर डॉक्टर को डराने की कोशिश की।

डॉ. पात्रो ने बताया कि घटना के बाद वे रात की ड्यूटी के दौरान असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आगे कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी आरोपी की होगी।

बताया जा रहा है कि तरुण खांडेकर पूर्व विधायक चोवादास खांडेकर का बेटा और पूर्व मंत्री के परिवार से संबंध रखता है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। 2018 में तखतपुर क्षेत्र में रात की गश्त के दौरान उसने और उसके भाई ने आरक्षक व एसआई पर गाली-गलौज और जानलेवा हमला किया था। उस घटना में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुआ था।

Related Articles

Back to top button