नन्ही राखी की गज़ब याददाश्त, राज्यों से सात अजूबों तक याद

सक्ती। जिले के हसौद क्षेत्र के ग्राम करही से एक ऐसी अद्भुत प्रतिभा की खबर सामने आई है, जिसने सबको चौंका दिया है। सिर्फ तीन साल की उम्र में नन्ही राखी कुर्रे ने अपनी तेज बुद्धि और असाधारण याददाश्त से सबका दिल जीत लिया है। राखी, राजकुमार कुर्रे और प्रज्ञा कुर्रे की बेटी है। इतनी कम उम्र में उसने स्कूल जाना भी शुरू नहीं किया, लेकिन उसके ज्ञान का स्तर देखकर हर कोई हैरान है।
राखी को भारत के सभी राज्यों की राजधानियां, दुनिया के सभी देशों की राजधानियां, भारत के राष्ट्रीय चिन्ह और प्रतीक, महासागर, और विश्व के सात अजूबों के नाम तक याद हैं। इसके अलावा उसे हिंदी वर्णमाला, अंग्रेजी अल्फाबेट और गिनती भी पूरी तरह कंठस्थ है।
जब राखी से राज्यों, मंदिरों और प्रसिद्ध स्थलों के नाम पूछे गए, तो उसने अपनी तोतली आवाज़ में बिना झिझक सभी प्रश्नों के सही उत्तर दिए। उसकी धाराप्रवाह जवाब देने की शैली देखकर परिवार, शिक्षक और ग्रामीण सभी दंग रह गए।
परिजनों का कहना है कि राखी रोजाना पढ़ाई और सामान्य ज्ञान से जुड़ी चीज़ों में रुचि दिखाती है। उसका खेलना, बोलना और याद रखने का तरीका उम्र से कहीं आगे का है। ग्रामीणों का मानना है कि अगर उसे सही दिशा और शिक्षा मिले तो वह आने वाले समय में गांव, जिला और पूरे प्रदेश का नाम रोशन कर सकती है।
सिर्फ तीन साल की उम्र में इतनी परिपक्व समझ और ग़ज़ब की स्मरणशक्ति के साथ राखी कुर्रे करही गांव की “नन्ही प्रतिभा” बन चुकी है, जिसने साबित कर दिया कि टैलेंट उम्र का मोहताज नहीं होता।





