भाजपा ने जारी किया पूर्व ओएसडी का वीडियो, कांग्रेस पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी आशीष वर्मा से जुड़ा वीडियो राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है। भाजपा ने इस वीडियो को ‘गुंडागर्दी’ बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर 21 सेकेंड का वीडियो साझा किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि भूपेश सरकार के समय अधिकारी नियम-कायदों को अपनी जागीर समझते थे और अब अधिकारियों को धमकी दे रहे हैं।
भाजपा ने कहा कि पाटन नगर पंचायत में चल रही गुंडागर्दी शर्मनाक है। वीडियो में वर्मा अधिकारियों से कहते दिख रहे हैं कि “कल के डेट में आपका भी परिवार है”। भाजपा ने इसे धमकी देने और दबाव बनाने वाला व्यवहार बताया। इसके साथ ही दावा किया गया कि कांग्रेस ने अपने चहेतों को दुकानों का आवंटन किया।
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों का खंडन करते हुए 51 सेकेंड का पूरा वीडियो जारी किया। कांग्रेस का कहना है कि वर्मा अधिकारी को नियम-कायदों का पालन करवाने की सलाह दे रहे थे, धमकी नहीं। वीडियो में वर्मा कहते दिखे, “जनप्रतिनिधि गलत प्रस्ताव करता है तो उसे रोकना आपकी जिम्मेदारी है। यदि आप ऐसा नहीं करेंगे, तो दंड अधिकारी को ही मिलेगा, न कि जनप्रतिनिधि को।” आशीष वर्मा ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने किसी को धमकी नहीं दी, केवल समझाइश दी है। अधिकारी का काम नियम और संविधान का पालन कराना होता है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने वीडियो का आधा हिस्सा दिखाकर भ्रम फैलाया।
दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि वीडियो में जो दिख रहा है, वही सच है। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार में भ्रष्टाचार और दादागिरी का माहौल था, और अब भी कांग्रेस अधिकारियों को दबाव में लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस की ‘गुंडागर्दी’ करार दिया और आरोप लगाया कि सरकारी व्यवस्था को निजी जागीर समझने का रवैया आज भी कायम है। इस विवाद ने पाटन नगर पंचायत की दुकान आवंटन प्रक्रिया और दोनों पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति को और उग्र कर दिया है।