ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

साइबर ठगी पर बड़ी कार्रवाई: दो म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार, 51 लाख से अधिक का फर्जी ट्रांजेक्शन उजागर

कोंडागांव। कोंडागांव पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खातों में कुल 51,32,024 रुपए के अवैध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की पुष्टि हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में यामिनी सोरी पुत्र चितु राम सोरी और आदिल खान पुत्र अब्दुल नसीम खान शामिल हैं।

जांच के अनुसार, साइबर सेल कोंडागांव को भारत सरकार के गृह मंत्रालय (I4C MHA) द्वारा संचालित भारतीय साइबर अपराध पोर्टल से संदिग्ध बैंक खातों के माध्यम से अवैध ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली। इसके बाद इंडियन ओवरसीज बैंक के खाते क्रमांक 327702000000239 का विश्लेषण किया गया। जांच में पता चला कि देश के विभिन्न राज्यों से कुल 6 स्थानों से ठगी की शिकायतें दर्ज थीं। खाते का विस्तृत विश्लेषण करने पर 51.32 लाख रुपए का संदिग्ध लेन-देन सामने आया।

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यामिनी सोरी और आदिल खान ने अपने खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधियों के लिए ट्रांजेक्शन हेतु उपलब्ध कराया था। दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, प्रधान आरक्षक अजय बघेल, उप निरीक्षक नवल सिंह कोड़ोपी, प्र.आर. पवन मंडावी, संतोषी मंडावी और आरक्षक हरविंद दर्रो का विशेष योगदान रहा।

कोंडागांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति या संस्था द्वारा अधिक लाभ का लालच देने पर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या ओटीपी साझा न करें। ऐसा करना सीधे साइबर अपराध की श्रेणी में आता है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button