गनियारी गांव में डबल मर्डर: गर्लफ्रेंड और दादी की बेरहमी से हत्या, मास्टरमाइंड गिरफ्तार, एक फरार

दुर्ग। 6 मार्च 2024 की रात गनियारी गांव में नाबालिग लड़की सविता साहू (17) और उसकी दादी राजवती साहू (62) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी सविता का बॉयफ्रेंड चुमेंद्र निषाद था, जिसने अपने साथी पंकज निषाद और एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर यह अपराध किया।
जानकारी के मुताबिक चुमेंद्र अपनी गर्लफ्रेंड की धमकियों और अफेयर का राज खुलने के डर से नाराज था। नाबालिग ने चुमेंद्र को चेतावनी दी थी कि वह उसकी शादी तोड़ने की कोशिश करेगी। इस पर गुस्साए चुमेंद्र ने मर्डर की साजिश रची। रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच तीनों आरोपी स्कॉर्पियो (CG 06 E 6666) से सविता के घर पहुंचे। उन्होंने झांसे में लेकर लड़की को बाहर बुलाया, लेकिन सविता ने मना कर दिया।
तभी चुमेंद्र और पंकज ने सविता को कुल्हाड़ी से हमला करके मार डाला और मुंह में कपड़ा ठूस दिया ताकि उसकी आवाज बाहर न जाए। चिल्लाने पर दादी राजवती बाहर आई तो उसे भी चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। दोनों शव आंगन में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। बाद में उन्होंने खून से सने हथियार तालाब में धोकर सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की। 62 संदिग्धों से पूछताछ, ब्रेन मैपिंग और नार्को टेस्ट के बाद 18 महीने की जांच के बाद चुमेंद्र और पंकज को गिरफ्तार किया गया। एक अन्य साथी अब भी फरार है। पुलिस ने स्कॉर्पियो और हथियार जब्त कर लिए।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि यह केस तकनीकी जांच और धैर्य का परिणाम है। सभी सबूतों, डीएनए रिपोर्ट, कॉल डिटेल और संदिग्धों के बयान के आधार पर अपराध का खुलासा हुआ। चुमेंद्र ने जुर्म कबूल किया। पुलिस ने कहा कि इस घटना ने क्षेत्र में सख्त चेतावनी दी है। न्यायालय ने मुख्य आरोपी और उसके साथी को जेल भेजा, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।