पथ संचलन के साथ विजयादशमी पर्व की शुरुआत: शताब्दी वर्ष में रायपुर के 5 बस्तियों में RSS के 500 स्वयंसेवक शामिल

रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष पर विजयादशमी पर्व का आगाज रविवार को पथ संचलन से हुआ। रायपुर महानगर के 14 नगरों में से 5 नगरों की बस्तियों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 500 स्वयंसेवकों ने अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लिया। संघ ने इस वर्ष लक्ष्य रखा है कि हर स्वयंसेवक गणवेश में शामिल होकर शताब्दी पर्व को ऐतिहासिक बनाए। यह पथ संचलन 25 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा।
कृषक नगर की गायत्री नगर बस्ती में हुए संचलन में 159 स्वयंसेवक शामिल हुए। यहां महानगर प्रचारक मनोज कश्यप ने “व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण” पर जोर दिया। मुख्य अतिथि डीडी मिश्रा (सेवानिवृत्त अपर संचालक, कृषि विभाग) रहे। पुरानी बस्ती (भाटागांव) में 90 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सह कार्यवाह आकाशदीप गुप्ता ने संघ के ‘पंच परिवर्तन’ पर विचार रखे। वरिष्ठ वकील वेदु राम धनगर मुख्य अतिथि रहे।
गुढ़ियारी नगर (तिलक नगर बस्ती) में अमोल गोरे ने संघ की 100 वर्षों की संघर्ष यात्रा का उल्लेख किया। रायपुरा नगर (महादेव घाट) में 65 स्वयंसेवकों के साथ गोविंदराम बसोने ने समाज सुधार के लिए पंच परिवर्तन की आवश्यकता बताई। मुख्य अतिथि महंत राघवेंद्र गोस्वामी और जैनेन्द्र जैन रहे। वहीं शंकर नगर बस्ती में 82 स्वयंसेवकों ने संचलन किया, जहां निश्चय बाजपेई ने संघ की संघर्षशील यात्रा को भविष्य की चुनौतियों का समाधान बताया।
कार्यक्रम में सभी नगरों में स्वयंसेवकों ने अनुशासन और समाज परिवर्तन का संदेश दिया। शताब्दी वर्ष में रायपुर महानगर का यह पहला बड़ा आयोजन लोगों में उत्साह का केंद्र बना।