कोंडागांव में छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, हॉस्टल की खिड़की से लटकता मिला शव

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के 17 वर्षीय छात्र यशवंत मरकाम ने हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव सुबह करीब 7 बजे हॉस्टल रूम की खिड़की की लोहे की रेलिंग से फंदे पर लटकता मिला। घटना फरसगांव थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, यशवंत मरकाम ग्राम लंलोडा सल्पी पदर का रहने वाला था। वह छठवीं कक्षा से ही इस विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है, क्योंकि मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों से पूछताछ की जा रही है।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब सुबह मैदान में खेल रहे बच्चों ने खिड़की से यशवंत को फंदे पर लटका देखा। उन्होंने तुरंत हॉस्टल अधीक्षक और शिक्षकों को इसकी सूचना दी। इसके बाद विद्यालय प्रशासन ने तुरंत पुलिस को खबर दी।
सूचना पाकर फरसगांव थाना प्रभारी संजय शिंदे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि छात्र ने यह कदम क्यों उठाया। इस घटना से विद्यालय और छात्रावास परिसर में मातम पसर गया है। शिक्षक और साथी छात्र इस घटना से गहरे सदमे में हैं।