ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

श्रमवीर समाज की रीढ़, उनके परिश्रम से साकार होगा विकसित छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में विश्वकर्मा जयंती अवसर पर आयोजित श्रमिक महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमवीर समाज की रीढ़ हैं और उनके योगदान से ही विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि मेहनतकश श्रमिकों की भागीदारी से प्रदेश और देश प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएँ दीं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई भी दी।

महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1.84 लाख से अधिक श्रमिकों के खातों में 65.16 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। इसमें दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, निर्माण श्रमिक सुरक्षा उपकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएँ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता हमारी सरकार की पहचान है और किसानों-श्रमिकों का पैसा सीधे खातों में पहुँच रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने बड़ी घोषणाएँ करते हुए दीदी ई-रिक्शा योजना और श्रमिक मकान निर्माण सहायता को 1 लाख से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये करने की घोषणा की। साथ ही पंजीकृत श्रमिकों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार का संपूर्ण खर्च श्रम विभाग द्वारा वहन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत अब आईआईटी, जेईई, नीट और सीए जैसी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी।

कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत से छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button