ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सुरक्षा बलों की वीरता और जनता का विश्वास बना नक्सल उन्मूलन की ताकत : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को गरियाबंद और नारायणपुर जिलों में मिली बड़ी नक्सल विरोधी सफलता को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, छत्तीसगढ़ पुलिस और डीआरजी के जवानों को बधाई दी और कहा कि सुरक्षा बलों की वीरता तथा जनता के विश्वास से नक्सल उन्मूलन अभियान और मजबूत हुआ है।

गरियाबंद जिले में हुई मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सली मारे गए हैं। इनमें केंद्रीय समिति सदस्य और 1 करोड़ के इनामी नक्सली मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने इसे नक्सल विरोधी लड़ाई में एक ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया।

इसी दौरान नारायणपुर जिले में भी नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा है। यहां 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। आत्मसमर्पण करने वालों में जनताना सरकार सदस्य, पंचायत मिलिशिया डिप्टी कमांडर, पंचायत सरकार सदस्य और न्याय शाखा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे नक्सली शामिल हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह घटनाएँ स्पष्ट संकेत देती हैं कि नक्सलियों की हिंसक और झूठी विचारधारा अब अपना असर खो रही है। जनता विकास और शांति की राह पर आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विश्वास, विकास और शांति का नया दौर शुरू हुआ है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सुरक्षा बलों की वीरता, जनता का सहयोग और सरकार की ठोस रणनीति के दम पर मार्च 2026 तक ‘नक्सलमुक्त भारत’ का संकल्प जरूर पूरा होगा।

Related Articles

Back to top button