बस्तर दशहरा में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय, सांसद कश्यप ने दिया न्योता

रायपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में बस्तर सांसद महेश कश्यप बस्तर दशहरा समिति के पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को न्योता देने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन में शामिल होने की सहमति दी।
सांसद कश्यप ने बताया कि हरेली अमावस्या के साथ आरंभ होने वाला यह पर्व दंतेश्वरी और मौली माता के आशीर्वाद से मनाया जाएगा। बस्तर दशहरा 75 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है और इसकी परंपरा बेहद विशेष है। इस दौरान 75 दिनों तक चलने वाले आयोजन में अश्विनी शुक्ल पक्ष के 13वें दिन तक विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। देश-विदेश से हजारों पर्यटक इस अद्वितीय उत्सव का आनंद लेने बस्तर पहुंचते हैं।
सांसद कश्यप ने नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों की चिंता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय ने इस मुद्दे पर तुरंत संज्ञान लिया है और केंद्रीय गृहमंत्री से लगातार बातचीत हो रही है। सरकार प्रदेश के लोगों को सुरक्षित वापस लाने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
रामगढ़ पहाड़ी विवाद पर कांग्रेस की जांच की मांग को लेकर सांसद कश्यप ने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। 60 साल सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने प्रदेश के लिए कोई ठोस काम नहीं किया, जबकि भाजपा विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं बस्तर इन्वेस्टर मीट को लेकर कश्यप ने कहा कि बस्तर जल, जंगल और जमीन से समृद्ध है। अब पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है, जिससे रोजगार और विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी। इन्वेस्टर मीट से उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में निवेश आएगा और बस्तर की तस्वीर बदलेगी।