मुख्यमंत्री साय ने जापान में असाकुसा मंदिर में की पूजा, छत्तीसगढ़ की खुशहाली की कामना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान पहुंचने के तुरंत बाद राजधानी टोक्यो में स्थित ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर का दौरा किया। यह मंदिर शांति, सामर्थ्य और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक माना जाता है।
मुख्यमंत्री साय ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की खुशहाली, समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर मानवता को शांति और शक्ति का संदेश देता है, जो छत्तीसगढ़ की जनता की आकांक्षाओं के साथ मेल खाता है।
मुख्यमंत्री साय के इस दौरे का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है। भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO), भारत सरकार के आमंत्रण पर, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान और दक्षिण कोरिया का दौरा कर रहा है। इस ग्लोबल आउटरीच मिशन के माध्यम से राज्य को अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर स्थापित करना और नए आर्थिक अवसरों की खोज करना मुख्य लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ की आर्थिक, तकनीकी और सांस्कृतिक संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रतिनिधिमंडल जापान और दक्षिण कोरिया के उद्योगपतियों, व्यापारिक निकायों और सरकारी संगठनों से मुलाकात कर राज्य में निवेश के अवसरों पर चर्चा करेगा।
इस मिशन से न केवल आर्थिक सहयोग बढ़ेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के ब्रांड और छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की भलाई और राज्य की प्रगति के लिए यह यात्रा महत्वपूर्ण है और उम्मीद है कि इसके सकारात्मक परिणाम राज्य की सामाजिक और आर्थिक विकास योजनाओं को और गति देंगे।