ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा, तीन नए मंत्रियों को मिली अहम जिम्मेदारी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंगलवार को विभागों का बंटवारा कर दिया गया। हाल ही में राज्यपाल रमेन डेका ने तीन नए चेहरों गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल—को मंत्री पद की शपथ दिलाई थी। अब इन्हें भी अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने पास सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, ऊर्जा, जनसंपर्क, जल संसाधन, विधानसभा, सुशासन, सूचना प्रौद्योगिकी और वे सभी विभाग रखे हैं जो किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव को लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और खेल विभाग मिला है, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को गृह, जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास जैसे अहम विभागों का दायित्व सौंपा गया है।

वरिष्ठ मंत्री रामविचार नेताम को आदिम जाति विकास और कृषि जैसे विभाग दिए गए हैं, वहीं दयाल दास बघेल को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, और केदार कश्यप को वन, परिवहन और संसदीय कार्य का जिम्मा मिला है। लखन लाल देवांगन वाणिज्य, उद्योग और श्रम विभाग संभालेंगे। श्याम बिहारी जायसवाल को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और पिछड़ा वर्ग कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है।

नई नियुक्तियों में गजेंद्र यादव को स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग और विधि-विधायी कार्य मंत्रालय सौंपा गया है। गुरु खुशवंत साहेब को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और अनुसूचित जाति विकास की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, राजेश अग्रवाल को पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास विभाग मिला है।

इस विस्तार के साथ छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में कुल 14 मंत्री शामिल हो गए हैं। जानकारों का मानना है कि यह कदम हरियाणा मॉडल की तर्ज पर उठाया गया है, जहां मंत्रियों की संख्या बढ़ाकर सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधने की रणनीति अपनाई जाती है।

Related Articles

Back to top button