हादसों से दही हांडी उत्सव मातम में बदला, 2 की मौत 210 घायल

मुंबई/पुणे। जन्माष्टमी पर आयोजित ‘दही हांडी’ उत्सव इस बार हादसों की भेंट चढ़ गया। मुंबई और पुणे में अलग-अलग जगहों पर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 210 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे उस समय हुए जब गोविंदा मंडलियों ने ऊंची मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने का प्रयास किया।
ठाणे और मुंबई के कई इलाकों में भारी भीड़ जुटी थी। यहां बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा, चंकी पांडे और सुनील शेट्टी ने उत्सव में शिरकत की और मंच पर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। अभिनेता गोविंदा ने टेंबी नाका इलाके में आयोजित कार्यक्रम में अपने मशहूर गानों पर नृत्य कर लोगों का मनोरंजन किया। इस मौके पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे।
राजनीतिक रंग भी इस उत्सव में दिखाई दिया। आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कई नेता दही हांडी कार्यक्रमों में पहुंचे। दोनों दलों ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर उत्सव आयोजित किए।
पुलिस और प्रशासन ने बताया कि ज्यादातर घायल प्रतिभागी ऊंचाई से गिरने की वजह से जख्मी हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और कई का इलाज जारी है। वहीं, मृतकों के परिजनों के लिए शोक संदेश व्यक्त किए गए हैं। त्योहार के उल्लास के बीच हुए इन हादसों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने आयोजकों से नियमों का पालन करने और भविष्य में सुरक्षा के सख्त इंतजाम करने की अपील की है।