अमेरिका ने बलूच लिबरेशन आर्मी और मजीद ब्रिगेड को आतंकी संगठन घोषित किया, पाक आर्मी चीफ के US दौरे के बीच बड़ा ऐलान

दिल्ली। अमेरिका ने बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) और उसके सहयोगी संगठन मजीद ब्रिगेड को विदेशी आतंकी संगठन (FTO) घोषित कर दिया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार रात बताया कि BLA ने 2024 में कराची एयरपोर्ट और ग्वादर पोर्ट पर आत्मघाती हमलों की जिम्मेदारी ली थी। मार्च 2025 में इसने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक किया था, जिसमें 31 लोगों की मौत और 300 यात्रियों को बंधक बनाया गया था।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तानी आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर अमेरिका दौरे पर हैं। BLA, पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाला संगठन है, जिसकी स्थापना 2000 के दशक की शुरुआत में हुई थी। इसे पहले भी कई देशों ने आतंकी संगठन घोषित किया है।
FTO सूची में शामिल होने का मतलब है कि संगठन को अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति या नागरिकों के लिए खतरा माना गया है। साथ ही, इस संगठन को धन, हथियार या किसी भी तरह की मदद देना गैरकानूनी होगा और इसके लिए सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
BLA का दावा है कि बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों का शोषण हो रहा है और बलूच लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं। यह संगठन पाकिस्तानी सेना, सरकार और चीनी प्रोजेक्ट्स, खासकर CPEC, पर हमले करता रहा है। इसकी गोरिल्ला रणनीति पहाड़ी इलाकों में छिपकर हमले करने और तुरंत भाग जाने की होती है।

14 मई 2025 को बलूच नेता मीर यार बलूच ने पाकिस्तान से बलूचिस्तान की आजादी का ऐलान किया था, जिसमें मानवाधिकार हनन, अपहरण और हिंसा को कारण बताया था। इससे पहले जुलाई 2025 में अमेरिका ने पाकिस्तान समर्थित TRF को भी आतंकी संगठन घोषित किया था।